शिमला , अक्टूबर 24 -- हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने शुक्रवार को बताया कि लाहौल-स्पीति के ऊपरी शहर ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि राज्य के बाकी हिस्से मौसम लगभग शुष्क रहा। सबसे ज़्यादा बारिश पंडोह (24.5 मिमी) में दर्ज की गयी। इसके बाद मंडी (16.2 मिमी), सराहन (15.5 मिमी) और जोगिंदरनगर (12 मिमी) में बारिश दर्ज की गयी।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 02 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। ऊना 32.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। प्रमुख स्थानों पर दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान इस प्रकार हैं:शिमला 9.2 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला 11.5 डिग्री सेल्सियस, मंडी 10.0 डिग्री सेल्सियस, सोलन 8.6 डिग्री सेल्सियस, नाहन 15.0 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर 13.8 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर 12.5 डिग्री सेल्सियस, कुल्लू 7.8 डिग्री सेल्सियस, केलांग -1.2 डिग्री सेल्सियस, कल्पा 0.5 डिग्री सेल्सियस, ऊना 15.8 डिग्री सेल्सियस, चंबा 8.4 डिग्री सेल्सियस, कुफरी 6.5 डिग्री सेल्सियस, रिकांगपिओ 2.0 डिग्री सेल्सियस, भुंतर 8.0 डिग्री सेल्सियस, और पालमपुर 10.6 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग के अनुसार, आज मध्य-पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी होने के आसार है, जबकि अगले कुछ दिनों तक पूरे राज्य में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के 27 अक्टूबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे ऊपरी इलाकों में बारिश या बर्फबारी का एक और दौर आ सकता है। शिमला में हाल ही में ओलावृष्टि और कांगड़ा, सुंदरनगर और भुंतर में गरज के साथ बारिश हुई थी, लेकिन अगले सप्ताह के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित