शिमला , मार्च 01 -- हिमाचल प्रदेश में फरवरी का महीना एक सदी से भी ज्यादा समय में सबसे शुष्क महीनों में से एक रहा है और राज्य में 1901 के बाद से इस महीने में नौवीं सबसे कम बारिश दर्ज की गई है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फरवरी में राज्य में सामान्य 101.8 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 15.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 85 प्रतिशत कम है। आंकड़ों के अनुसार, फरवरी में राज्य के सभी जिलों में कम बारिश हुई।
सोलन में 96 प्रतिशत, सिरमौर में 94 प्रतिशत, ऊना में 94 प्रतिशत और बिलासपुर में 93 प्रतिशत कम बारिश हुई। यहां तक कि चंबा और कांगड़ा जैसे पारंपरिक रूप से अधिक बारिश वाले जिलों में भी क्रमशः 89 प्रतिशत और 90 प्रतिशत कम बारिश हुई।
फरवरी माह के दौरान मौसम की गतिविधियां बहुत हद तक कमजोर रहीं और सामान्य बारिश केवल एक से चार फरवरी के बीच हुई। महीने के बाकी दिनों में ज्यादातर सूखा रहा हालांकि कुछ दिनों में छिटपुट और अनियमित बारिश हुई।
मंडी और बिलासपुर में कुछ दिनों तक घना कोहरा छाया रहा जबकि एक फरवरी को मंडी और मनाली में भीषण ठंड पड़ी। शीत ऋतु (जनवरी-फरवरी) में राज्य में सामान्य 187.1 मिमी के मुकाबले 103.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो कि मौसमी बारिश में 45 प्रतिशत की कमी दर्शाती है।
इससे मौजूदा सर्दी का मौसम 1901-2026 की अवधि में अब तक की सबसे शुष्क सर्दियों में से एक बन गया है। हालांकि जनवरी में लगभग सामान्य वर्षा हुई लेकिन फरवरी में बहुत कम बारिश होने से मौसमी औसत बहुत नीचे चला गया।
सर्दी के मौसम के दौरान राज्य में 10 बार बारिश या बर्फबारी हुई। फरवरी 2026 में 10 दिनों तक आसमान बादलों से घिरा रहा और मौसम अधिकतर शुष्क रहा तथा अधिकांश जिलों में बहुत कम बारिश हुई। कुल्लू जिले में फरवरी में सबसे अधिक 26.1 मिमी बारिश हुई जबकि सोलन में सबसे कम 2.4 मिमी बारिश हुई।
स्टेशन स्तर पर, रोहरू में दो फरवरी को एक दिन में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश हुई जबकि महीने के पहले चार दिनों में कोक्सर, कल्पा, कुफरी और केलांग जैसे ऊंचे इलाकों में मुख्य रूप से बर्फबारी हुई।
पूरे सर्दी के मौसम में, राज्य में लगभग 19 अलग-अलग दिनों में बारिश हुई जिसमें से अधिकांश बारिश जनवरी में हुई। कुल्लू जिले में सबसे अधिक लगभग 127 मिमी बारिश हुई जबकि किन्नौर में सबसे कम लगभग 68 मिमी बारिश हुई।
इस मौसम की सबसे ज्यादा बर्फबारी कोठी में दर्ज की गई, जहां 24 जनवरी को 105 सेंटीमीटर बर्फ गिरी और यह सर्दियों की सबसे अधिक बर्फबारी की घटना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित