शिमला , दिसंबर 28 -- हिमाचल प्रदेश में मौसम की अनिश्चिता के चलते दो महीने से सर्दियों में हिमपात और बारिश न होने के कारण कुछ स्थानों को छोड़कर तापमान सामान्य से दो तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के रविवार सुबह के बुलेटिन के अनुसार राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री (सामान्य से लगभग 5 डिग्री ज़्यादा), मनाली में 3.5 (सामान्य से लगभग 3.7 डिग्री ज़्यादा), धर्मशाला में 9.6 (सामान्य से 3.6 डिग्री ज़्यादा), सोलन में 2.2 डिग्री, मंडी में 3.9, पालमपुर में 5, कांगड़ा में 5.6, और ऊना में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सभी अपने मौसमी औसत से ऊपर रहे हैं।

बुलेटिन के अनुसार ऊँची पहाड़ियों में कल्पा में 0.6 डिग्री, नारकंडा में 4.3, और रेकोंग पेओ में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ज़्यादा ठंड जनजाति और ऊँचे पहाड़ी इलाकों में रही, जिसमें कुकुमसेरी में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे और ताबो में तापमान शून्य से 5.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित