कुल्लू , मार्च 01 -- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नग्गर के निकट जना गांव के पास एक कैंपर वाहन के करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग पारंपरिक फाग उत्सव से लौट रहे थे। शनिवार देर रात संकरी और घुमावदार सड़क पर चालक के नियंत्रण खोने की आशंका है, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे लुढ़कता हुआ खाई में जा गिरा।हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अंधेरे में स्थानीय निवासियों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान अविनाश और सोनम कुमार के रूप में हुई है, जो कुल्लू जिले के सौर गांव के निवासी थे। हादसे में घायल तीन अन्य युवकों को कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित