धर्मशाला , मार्च 11 -- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मादक औषधि एवं मनोविकृति पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के अंतर्गत 34 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है।
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने यूनीवार्ता से कहा कि 10 मार्च को जिले के खोली गांव निवासी अविनाश उर्फ निक्का के घर से 12.62 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई। उसके खिलाफ कांगड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उसी दिन समेला में एक अन्य मामले में, पुलिस ने जालंधर (पंजाब) के मॉडल टाउन के आबादपुरा निवासी साजन और जालंधर के मान सिंह नगर निवासी राकेश कुमार नामक दो व्यक्तियों से 21.78 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस ने कहा कि कांगड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25, 29, 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित