शिमला , दिसंबर 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुक्खू सरकार रोजाना झूठ और दुष्प्रचार फैलाने के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

उन्होंने शुक्रवार को नाहन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यह झूठ केवल राज्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जानबूझकर पूरे देश में, दिल्ली सहित कांग्रेस की रैलियों में भी प्रचारित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में सरकारी खर्चे पर एक बड़ी सभा आयोजित की गयी, जहां मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 10 में से 7 गारंटियां पूरी हो चुकी हैं, जिनमें महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने का वादा भी शामिल है।

इस दावे पर सवाल उठाते हुए डॉ. बिंदल ने पूछा कि अगर गारंटी पूरी हो गई है, तो सिरमौर जिले की महिलाओं के खातों में यह राशि आज तक क्यों नहीं आई। उन्होंने कहा कि राज्य की 28 लाख महिलाओं को पहली ही कैबिनेट बैठक से प्रतिमाह 1,500 रुपये मिलने थे, लेकिन हकीकत यह है कि अब तक उनके खातों में एक भी रुपया जमा नहीं हुआ। इससे कांग्रेस सरकार के बोल और काम के बीच की खाई स्पष्ट रूप से उजागर हो रही है।

डॉ. बिंदल ने राज्य सरकार द्वारा घोषित दूध खरीद योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन साल बीत जाने के बाद भी कांग्रेस सरकार ने वादे के अनुसार 100 रुपये प्रति लीटर की दर से एक लीटर दूध भी नहीं खरीदा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की दीवारें आज भी इन खोखले नारों से गूंज रही हैं, जो सरकार की नाकामी को उजागर कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित