सोलन , मार्च 13 -- हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में पिछले पांच दिनों से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की रीफिलिंग और बिक्री बंद होने से उद्योग, होटल-रेस्तरां और आम उपभोक्ता बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए फिलहाल 19 किलोग्राम और 47.5 किलोग्राम जैसे कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की रीफिलिंग अस्थायी रूप से रोक दी है। बताया जा रहा है कि अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के कारण हॉरमुज़ जलडमरूमध्य में परिवहन बाधित होने से एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस फैसले के बाद बीबीएन क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां, रेस्तरां और छोटे उद्योग लगभग ठप हो गए हैं।

उधर, घरेलू गैस की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। गैस एजेंसियों की वेबसाइटें क्रैश हो रही हैं, ओटीपी नहीं मिल रहा है और बुकिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा। सुबह 8 बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन शाम तक सिलेंडर खत्म हो जाते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हालात का फायदा उठाते हुए कुछ जगहों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर 3000 रुपये तक में बेचे जाने की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे जमाखोरी की आशंका बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित