ऊना , मार्च 30 -- हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले के संतोषगढ़ क्षेत्र में एक एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्पर ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गये।पुलिस ने बताया कि रविवार को तीनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये और घटनास्थल चीख-पुकार से भर गया।
हादसे में तीनों वाहनों के चालकों को गंभीर चोटें आयी हैं। टक्कर के बाद चालक अपने-अपने वाहनों के भीतर बुरी तरह फंस गये थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटने की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हादसे की वजह से संतोषगढ़ पुल पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं।
पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले शनिवार रात को संतोषगढ़ के गौशाला चौक पर एक और बड़ा हादसा हुआ था, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसा था। हालांकि उस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी लेकिन संपत्ति का काफी नुकसान हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित