भोपाल , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हिंदू नववर्ष के अवसर पर संस्था कर्मश्री द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का 25वां वर्ष इस बार 18 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

कर्मश्री के अध्यक्ष और विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुधवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 18 मार्च को रात आठ बजे अटल पथ स्थित तात्या टोपे स्टेडियम मार्ग पर भव्य काव्य मंच सजाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कवि सम्मेलन में देश के प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित कई राष्ट्रीय स्तर के कवि काव्य पाठ करेंगे। मंच से हास्य, व्यंग्य, गीत, श्रृंगार और ओज रस की कविताओं की प्रस्तुति दी जाएगी।

श्री शर्मा ने कहा कि यह आयोजन हिंदू नववर्ष के स्वागत में भारतीय संस्कृति और साहित्य के उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मश्री संस्था पिछले कई वर्षों से हिंदू नववर्ष के अवसर पर इस भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन करती आ रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी तथा महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित