उदयपुर , अप्रैल 03 -- वेदांता समूह की चांदी क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख कंपनी हिन्दुस्तान ज़िंक लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही और पूरे वर्ष में खनन और परिष्कृत धातु उत्पादन में उल्लेखनीय प्रदर्शन करके नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

कंपनी द्वारा शुक्रवार को यहां जारी विज्ञप्ति में बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी का खनन धातु उत्पादन 315 किलो टन रहा, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ तिमाही प्रदर्शन है। यह वृद्धि अधिक अयस्क उत्पादन और बेहतर ग्रेड्स के कारण संभव हुई। इसी अवधि में परिष्कृत धातु उत्पादन 282 किलो टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जो चंदेरिया और दरिबा में डिबॉटलनेकिंग परियोजनाओं से मिली अतिरिक्त क्षमता, बेहतर परिचालन दक्षता और उच्च संयंत्र उपलब्धता का परिणाम है। चांदी का उत्पादन 176 टन रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है और यह लेड उत्पादन के अनुरूप है। वहीं पवन ऊर्जा उत्पादन पांच करोड़ 60 लाख यूनिट दर्ज किया गया।

विज्ञप्ति में बताया कि वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का खनन धातु उत्पादन एक हजार 114 किलो टन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जो अधिक अयस्क उत्पादन और बेहतर ग्रेड्स के अनुरूप है। परिष्कृत जिंक उत्पादन 851 किलो टन रहा, जो वार्षिक आधार पर तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

इसके अलावा, पवन ऊर्जा उत्पादन 372 मिलियन यूनिट रहा, जो वार्षिक आधार पर सात प्रतिशत अधिक है। कंपनी का यह प्रदर्शन मजबूत परिचालन क्षमता, तकनीकी सुधार और निरंतर क्षमता विस्तार के प्रयासों को दर्शाता है, जो आने वाले समय में भी विकास की मजबूत संभावनाओं की ओर संकेत करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित