प्रयागराज , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के माघ मेले में एक ओर जहां देश के कोने-कोने से साधु संत, श्रद्धालु और कल्पवासी पहुंचे हैं। वहीं दूसरी ओर धर्म और अध्यात्म की ओर खिंचे हुए सेलिब्रिटी भी माघ मेले में पहुंच रहे हैं।

पिछले कई वर्षों से माघ मेले और कुंभ मेले में आ रहे बॉलीवुड के हास्य अभिनेता राजपाल यादव बुधवार को प्रयागराज के माघ मेले में पहुंचे। उन्होंने सेक्टर 6 में स्थित दद्दा जी के शिविर में खुद अपने हाथों से जमीन पर बैठकर शिवलिंग का निर्माण कर पूजन किया। इसके बाद आयोजित हो रही श्रीमद् भागवत कथा में भी शामिल हुए। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।

इस मौके पर आस्था के सबसे बड़े मेले में उमड़ी भीड़ को लेकर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि यह आस्था नहीं बल्कि श्रद्धा की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि जब भी जियो तब पराकाष्ठा में जियो। उन्होंने कहा कि मैं अभिनेता हूं और पूरे देश और दुनिया के लिए मेरा जीवन कुर्बान है।

उन्होंने कहा कि अभिनेता का दूसरा नाम सेवा है और कोशिश यही करूंगा जहां भी मौका मिले गहना बनकर मिलें, गहना बनाकर देखें, गहना बनकर सुने और मौका मिले तो माथे का तिलक बनकर जिएं।

फिल्मों को लेकर श्री यादव ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के बाद 2022 से बीते दो-तीन सालों में बॉलीवुड ने रफ्तार पकड़ी है। उन्होंने कहा कि आने वाले 10-15 साल बॉलीवुड के लिए स्वर्णिम काल रहेगा। इसमें दो हजार से चार हजार करोड़ के बजट की फिल्में बन रही हैं।

उन्होंने कहा है कि दो लाख से लेकर 10-20 हजार करोड़ की फिल्में भारत में बनकर पूरे देश और दुनिया में अपना नाम स्थापित करेगी। उन्होंने कहा है क्योंकि अब तमाम सुविधाएं आ गई हैं। फिल्म निर्माता एक फिल्म जो बनाते हैं उसे दुनिया में 72 भाषाओं में तकनीक की मदद से पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा सोशल मीडिया की वजह से 5-5 पैसे का बिजनेस आ गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित