चंडीगढ़ , दिसंबर 22 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के महासचिव बलतेज पन्नू ने सोमवार को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा हाल ही में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर लगाये गये बेबुनियाद आरोपों का खंडन किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल दोनों ही कई हलकों में उम्मीदवार खड़े करने में नाकाम रहे हैं और अब 'आप' पर सीटों पर कब्जा करने के झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने चुनावों का बहिष्कार इसलिए किया क्योंकि उसे उम्मीदवार नहीं मिले, तो इसकी जिम्मेदारी सिर्फ कांग्रेस की है। किसी को तो वे सीटें जीतनी ही थीं और 'आप' के पास हर जगह उम्मीदवार मौजूद थे।

पन्नू ने कहा कि कांग्रेस ने पहले आरोप लगाया था कि दबाव में नामांकन पत्र छीने गये, फाड़े गये या रद्द किये गये। उन्होंने कहा कि जब ये बहाने फेल हो गये तो राजा वड़िंग ने अचानक दावा करना शुरू कर दिया कि कांग्रेस ने 18 सीटों का बहिष्कार किया है और 'आप' को इसका फायदा हुआ है। यह राजनीतिक नाकामी को छुपाने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने तरनतारन सीट का हवाला दिया, जहां 'आप' ने बड़े अंतर से जीत हासिल की जबकि कांग्रेस चौथे नंबर पर खिसक गई और अपनी जमानत भी जब्त करवा बैठी। पन्नू ने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस ने असल में मैदान छोड़ दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि राजा वड़िंग को इस बात पर भी आत्मचिंतन करना चाहिए कि क्या एससी और बीसी समुदायों के खिलाफ उनकी विवादित टिप्पणियों ने वहां पार्टी की शर्मनाक हार में योगदान दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित