हदराबाद , दिसंबर 02 -- हार्दिक पंड्या (नाबाद 77/एक विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर बड़ौदा ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी मुकाबले में पंजाब को पांच गेंदें शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।

223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 224 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया। बड़ौदा के लिए हार्दिक पंड्या ने 42 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाते हुए (नबााद 77) रनों की पारी खेली। इसके अलावा शिवालिक शर्मा 31 गेंदों में 47, विष्णु सोलंकी 21 गेंदों में 43 और शाश्वत रावत ने 18 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया। पंजाब के लिए अश्विनी कुमार और रमनदीप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 222 का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों में पांच चौके चार छक्के उड़ाते हुए 50 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अनमोलप्रीत सिंह ने 32 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाते हुए 69 रन बनाये। नमन धीर ने (39), प्रभसिमरन सिंह, नेहाल वढेरा और सनवीर सिंह ने 16-16 रनों का योगदान दिया। बड़ौदा के लिए राज लिंबानी ने तीन विकेट लिये। हार्दिक पंड्या, रसिख सलाम और अतीत शेठ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

अन्य मैच में गोवा ने मध्यप्रदेश सात विकेट से हराया। मध्यप्रदेश ने हरप्रीत सिंह 52 गेंदों में (नाबाद 80), अनिकेत वर्मा 13 गेंदों में (34) और कप्तान रजत पाटीदार (29) के योगदान से पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 170 रनों का स्कोर बनाया। इसके जवाब में गोवा ने कप्तान सुयश प्रभुदेसाई 50 गेंदों में (नाबाद 75), अभिनव तेजराणा 33 गेंदों में (55) और अर्जुन तेंदुलकर (16) के योगदान से 18.3 ओवर में तीन विकेट पर 171 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित