मुंबई , अप्रैल 15 -- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स गुरुवार को एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच टक्कर हमेशा कांटे की रही है। 34 मुकाबलों में दोनों टीमें बराबरी पर हैं, जबकि वानखेड़े में भी हिसाब 5-5 का है। 2025 सीजन में पंजाब किंग्स ने दोनों मैच अपने नाम किए थे। ऐसे में गुरुवार को वानखेड़े में होने वाला यह मुकाबला संतुलन बदलने का बड़ा मौक़ा लेकर आ रहा है।

वानखेड़े में इस सीजन हो रही है रनों की बारिशइस सीज़न वानखेड़े में अब तक चार बार 200 से ज़्यादा के स्कोर बन चुके हैं। केकेआर ने यहां 220/4, मुंबई इंडियंस ने 224/4 और 222/5, जबकि आरसीबी ने 240/4 का स्कोर बनाया है। 200 प्लस स्कोर के मामले में वानखेड़े और चिन्नास्वामी स्टेडियम संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, दोनों के नाम 4-4 स्कोर हैं। रन रेट के लिहाज़ से भी वानखेड़े और चिन्नास्वामी (11.4) सबसे आगे हैं।

चहल की फिरकी से बचकर रहना होगाएमआई के ख़िलाफ युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड काफ़ी मजबूत है, जहां उन्होंने 21 पारियों में 16.2 के स्ट्राइक रेट से 30 विकेट चटकाए हैं। चहल ने सूर्यकुमार यादव को 13 पारियों में चार बार आउट किया है, वहीं हार्दिक पंड्या को भी 15 पारियों में चार बार पवेलियन भेजा है और उनके ख़िलाफ महज़ 95 के स्ट्राइक रेट से रन दिए हैं। आईपीएल 2026 की बात करें तो चहल ने तीन पारियों में 8.2 की इकॉनमी से तीन विकेट लिए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ पिछले सीज़न से अब तक उन्होंने 16 पारियों में 16 विकेट झटके हैं।

बुमराह और अर्शदीप का ख़राब दौरजसप्रीत बुमराह और अर्शदीप इस सीजन में अब तक लय हासिल नहीं कर पाए हैं। बुमराह ने चार पारियों में एक भी विकेट नहीं लिया है। इससे पहले 2014 में उनके साथ ऐसा हुआ था। वहीं अर्शदीप ने चार पारियों में सिर्फ़ दो विकेट लिए हैं, उनका इकॉनमी 10.6 और स्ट्राइक रेट 42 है। खास तौर पर पावरप्ले में वह पिछली 10 पारियों में 20 ओवर डालकर भी एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं, जहां उनका इकॉनमी 10.8 रहा है।

सूर्या सर, अब चमकने का समय आ गया हैसूर्यकुमार यादव का इस सीजन आगाज धीमा रहा है। इस सीजन उन्होंने चार पारियों में 26.5 की औसत और 154 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ वह तीन बार आउट हुए हैं। सिर्फ़ यही नहीं, तेज गेंदबाज़ों के ख़िलाफ उनका औसत 9.7 और स्ट्राइक रेट 171 है। हालांकि पंजाब के ख़िलाफ़ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 20 पारियों में 31.9 की औसत और 157 के स्ट्राइक रेट से 606 रन बनाए हैं। किसी एक टीम के ख़िलाफ़ यह उनका सबसे बड़ा आंकड़ा है।

रदरफ़ोर्ड कर सकते हैं कमालशर्फ़ेन रदरफ़ोर्ड ने पिछले मैच में 31 गेंदों में 71 रन बनाए और नौ छक्के लगाए। आरआर के ख़िलाफ भी उन्होंने छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली थी। इस सीज़न में तीन पारियों में उन्होंने 101 रन बनाए हैं, औसत 50.5 और स्ट्राइक रेट 220 रहा है। ख़ास तौर पर 17 से 20 ओवर के बीच उन्होंने 52 रन बनाए हैं, जहां स्ट्राइक रेट 274 का रहा है।

पावरप्ले में एमआई खूब रन लुटा रहा हैपावरप्ले में एमआई की परेशानी लगातार बनी हुई है, जहां लगातार दूसरे मैच में टीम एक भी विकेट नहीं ले सकी और 71 रन ख़र्च कर दिए। इस सीज़न पावरप्ले में एमआई ने तीन विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 11.7 और स्ट्राइक रेट 43 का रहा है, जबकि बाउंड्री प्रतिशत 79 है। पावरप्ले में उनके ख़िलाफ़ 71/0, 59/0 (3.2 ओवर में), 42/2 और 78/1 का स्कोर बना है।

प्रभसिमरन और प्रियांश अच्छी लय मेंप्रभसिमरन और प्रियांश की जोड़ी एक बार फिर अपना असर छोड़ रही है। इन दोनों ने पिछले तीन मैचों में दो बार 50 से अधिक रनों की साझेदारी की है। आईपीएल में इस जोड़ी ने अब तक 20 पारियों में 35.0 के औसत और 172 के स्ट्राइक रेट से 699 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतकीय और तीन अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं। इस सीज़न इन्होंने एसआरएच के ख़िलाफ़ 99 और सीएसके के ख़िलाफ़ 61 रनों की अहम साझेदारी की। प्रियांश ने तीन पारियों में 264 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 103 रन बनाए हैं, जबकि प्रभसिमरन ने इतने ही मैचों में 43.7 के औसत से 131 रन जोड़े हैं। दोनों के बल्ले से अब तक एक-एक अर्धशतक निकला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित