उत्तराखंड बोर्ड के परिणाम घोषितरामनगर , अप्रैल 25 -- उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् ने शनिवार को हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं।

हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया जबकि इण्टरमीडिएट में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 98 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में परीक्षा परिणाम जारी किए गए। परिणामों के अनुसार, हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें 1,00,373 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। परीक्षा का कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा जो वर्ष 2025 की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक है। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा, जबकि बालकों का 88.03 प्रतिशत दर्ज किया गया।

संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47 प्रतिशत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05 प्रतिशत रहा। श्रेणीवार परिणाम में 7.28 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मान सहित, 28.20 प्रतिशत प्रथम श्रेणी, 42.86 प्रतिशत द्वितीय श्रेणी तथा 13.75 प्रतिशत तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

हाईस्कूल की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में इशांत कोठारी एसवीएम इंटर कालेज, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी और भूमिका जीबी पंत राजकीय इंटर कालेज, खैरना, नैनीताल ने 98 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि योगेश जोशी विवेकानन्द वीएम इंटर कालेज, मंडलसेरा, बागेश्वर, 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। बालिकाओं में भूमिका ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया। बागेश्वर जिला 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

इसी प्रकार इण्टरमीडिएट परीक्षा में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 85,499 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। परीक्षा का कुल परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत अधिक है।

इण्टरमीडिएट में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा, जबकि बालकों का 81.93 प्रतिशत दर्ज किया गया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93 प्रतिशत तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 61.48 प्रतिशत रहा।

श्रेणीवार परिणाम में 7.77 प्रतिशत परीक्षार्थी सम्मान सहित, 41.32 प्रतिशत प्रथम श्रेणी, 34.82 प्रतिशत द्वितीय श्रेणी और 0.32 प्रतिशत तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

संयुक्त श्रेष्ठता सूची में आर्यन सरस्वती विद्या मंदिर, इंटर कालेज, आवास विकास ऋषिकेश ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया जबकि वंशिका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज मायापुर हरिद्वार 97 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। जनपद बागेश्वर 94.81 प्रतिशत परिणाम के साथ इण्टरमीडिएट में भी अव्वल रहा।

सुधार परीक्षाओं के परिणामों में हाईस्कूल सुधार परीक्षा (द्वितीय) 2024 का परिणाम 68.67 प्रतिशत तथा इण्टरमीडिएट सुधार परीक्षा (द्वितीय) 2025 का परिणाम 66.27 प्रतिशत दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा परिणामों में सुधार दर्ज किया गया है और बालिकाओं का प्रदर्शन एक बार फिर बेहतर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित