पंचकूला , फरवरी 25 -- हरियाणा के पंचकूला जिले में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई है।
मृतका के पति की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला के कजियाना गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी आशा देवी गांव की ही महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। जंगल के रास्ते में 11 हजार केवी का हाईटेंशन बिजली तार टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। चलते समय आशा देवी का पैर अचानक उस तार पर पड़ गया जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया।
करंट लगने से आशा देवी गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उसके दो बच्चे है। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की मौत बिजली निगम की घोर लापरवाही के कारण हुई है। यदि समय रहते तारों की मरम्मत और देखरेख की गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
पिंजौर थाना के जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बिजली निगम के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित