पंचकूला , फरवरी 25 -- हरियाणा के पंचकूला जिले में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से बुधवार को एक महिला की मौत हो गयी।
मृतका के पति की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला के कजियाना गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह जनस्वास्थ्य विभाग में जलापूर्ति पर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। उनकी पत्नी आशा देवी गांव की ही महिलाओं कांता और हिमानी के साथ जंगल में घास लेने गयी थीं। जंगल के रास्ते में 11 हजार केवी का हाईटेंशन बिजली तार टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। चलते समय आशा देवी का पैर अचानक उस तार पर पड़ गया, जिससे उन्हें करंट का जोरदार झटका लग गया।
करंट लगने से आशा देवी गंभीर रूप से झुलस गयीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। वह दो बच्चों 12 वर्षीय पुत्र और आठ वर्षीय पुत्री की मां हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की मौत बिजली निगम की घोर लापरवाही के कारण हुई है। यदि समय रहते तारों की मरम्मत और देखरेख की गयी, होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
पिंजौर थाने के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बिजली निगम के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 106 और 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित