नैनीताल , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड के भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 14 लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो पांखी के पास हुई। बताया जा रहा है कि सवारियों से भरी बस अल्मोड़ा से हल्द्वानी लौट रही थी।
इस दौरान बस दोपांखी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से जा टकराईं। इससे पर्यटकों में चीख पुकार मच गई। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया जबकि गंभीर इस से घायल पांच लोगों को आपातकालिन 108 सेवा से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि रास्ते में बस में सवार सभी लोगों ने एक होटल में खाना खाया और आगे की ओर रवाना हो गए। कैंची धाम में सभी लोग नीम करौरी आश्रम में मत्था टेकने उतरे।
इसी बीच बस चालक ने मोबाइल फोन गरमपानी के पास होटल में भूलने की बात कहकर बस वापस घुमा दी। कुछ लोग मंदिर में थे जबकि कुछ वाहन में ही बैठे रहे।
बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बस में सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची खैरना पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि बस में कोलकाता और राजस्थान के यात्री शामिल थे और अल्मोड़ा में एक रिसार्ट में शादी में भाग लेकर वापस लौट रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित