हल्द्वानी,01अप्रैल(वार्ता) उत्तराखंड के हल्द्वानी में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्र में पीएम आवास योजना के तहत लगाए गए कैंप का आज अंतिम दिन रहा।
यह कैंप 20 मार्च से 6 स्थानों पर संचालित किया गया था। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब 6900 आवेदन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं, जबकि 8000 से अधिक फॉर्म वितरित किए गए थे। सभी जमा फॉर्मों की अब स्क्रूटनी की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों ने अभी तक आवेदन जमा नहीं किए हैं, उनके लिए दो और चार अप्रैल को नगर निगम में विशेष विंडो खोली जाएगी, जहां केवल फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। पुलिस और प्रशासन के सहयोग से यह पूरा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित