हल्द्वानी , दिसंबर 23 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक घर से दो भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मंगलवार को हल्द्वानी के बच्चीनगर लामाचौड़ स्थित एक घर से दो भाइयों के शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य संकलन की कार्रवाई में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, एक शव घर के अंदर मिला, जबकि दूसरा शव मकान के पीछे के हिस्से में पड़ा हुआ था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों भाइयों की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।

स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि मृतक दोनों भाई अपनी मां और छोटी बहन के साथ इसी घर में रहते थे। बताया जा रहा है कि उनकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। लोगों का यह भी कहना है कि दोनों भाई अत्यधिक शराब पीने के आदी थे। घटना स्थल के पास घर के सामने देशी शराब की खाली बोतलों से भरा एक कट्टा मिलने से मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार शराब की लत के चलते दोनों भाइयों ने हाल ही में करीब तीन लाख रुपये की जमीन भी बेच दी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित