नैनीताल , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने मुखानी थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं पर्दापाश करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हल्द्वानी के मुखानी में इसी साल चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं।
पहली घटना में सत्यानंद कॉलोनी निवासी ललित सिंह के घर से जनवरी 2026 में नगदी और सोने-चांदी के जेवर जबकि दूसरी घटना में हरि शिव विहार निवासी घनश्याम चंद्र के घर से नवंबर 2025 में सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। दोनों मामलों में मुखानी थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस अधीक्षक सिटी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी एवं एसओजी प्रभारी राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान दोनों घटनाओं में एक ही संदिग्ध के शामिल होने की पुष्टि हुई। लगातार दबिश के बाद शुक्रवार को पुलिस ने गुसाईपुर तिराहे के पास से आरोपी मुंशी राम उर्फ सोनू (41), निवासी बेहट, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों मामलों से जुड़े सोने-चांदी के आभूषण और करीब 22 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और हरियाणा में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे उसके अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। अन्य राज्यों से भी आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित