नैनीताल , मार्च 14 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1, मुखानी निवासी हेमचंद्र लोहनी के घर में सेंध लगा कर चोरों ने सोने के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर ली थी। पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में यह भी कहा गया कि वह विगत 02 से 05 मार्च तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला (अल्मोड़ा) गए हुए थे। इस दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

थाना मुखानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र की अगुवाई में जांच शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल के आसपास करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और संदिग्ध की पहचान की। पुलिस टीम ने शुक्रवार को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25) निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम बताया। आरोपी के पास से चोरी किए गए 13 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद कर ली गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में पहले भी चोरी से संबंधित मामले दर्ज है और उसके और भी आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित