हल्द्वानी , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने महज़ 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई है।
मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और सुरागरसी के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25), सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20), दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) और दीपेश लटवाल उर्फ राज (25) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी और घटना छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। पहचान मिटाने के इरादे से दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा दो आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी गौरव नेगी पर पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस सहित तीन मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है और स्पष्ट संदेश दिया है कि जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित