अपराध चेन स्नेचर गिरफ्तारनैनीताल , फरवरी 11 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और रामनगर में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा किया और एक शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डाॅ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चार फरवरी को हल्द्वानी के मुखानी, 30 जनवरी को फतेहपुर और छह फरवरी को पुनः रामनगर के पीरुमदारा में महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग की अलग-अलग मामले प्रकाश में आये थे।
हल्द्वानी में मुखानी के ऊंचा पुल बिठौरिया में आरोपी विगत चार फरवरी को एक दुकान में सामान लेने के बहाने आये और बताया जा रहा है कि दुकान में मौजूद श्रीमती बीना पाठक पत्नी जगदीश चंद्र पाठक के गले से मंगलसूत्र झपट कर फरार हो गए।
तीनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (एसएसपी) के निर्देश पर मुखानी के थाना प्रभारी सुशील जोशी और मुक्तेश्वर के थानाध्यक्ष जगदीप नेगी की अगुवाई में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। साथ ही विशेष अभियान समूह (एसओजी) को भी लगाया गया।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने सर्वप्रथम आसपास के सीसीटीवी को खंगाला। पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद दोनों की तलाश शुरू कर दी। आज मुखानी पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी हल्द्वानी में घटना को अंजाम देने आ रहे हैं।
पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई। जब आरोपी मोटर साइकिल संख्या एचआर 29 एएफ 2325 से कालाढूंगी से हल्द्वानी को आ रहे थे। पुलिस ने मोटर साइकिल को रोका। बताया जा रहा है कि पीछे बैठा आरोपी कूद कर भाखड़ा के जंगल में फरार हो गया जबकि फिरोज गांधी निवासी गांव पदमपुर थाना मिल्क थाना तहसील स्वार जिला रामपुर को गिरफ्तार कर लिया।
श्री मंजूनाथ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर उप्र और उत्तराखंड में हत्या, मारपीट, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के साथ ही संगीन धाराओं में 10 मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित