अयोध्या , दिसम्बर 09 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं अयोध्या जिले के प्रभारी सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को कहा कि हर पात्र नागरिक को मतदाता बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री शाही ने यहां विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सर्किट हाउस में बूथ वार समीक्षा बैठक की। उन्होने कहा कि बीएलओ द्वारा वितरित गणना फॉर्म जिन्हें अभी तक वापस नहीं किया गया है, उन्हें समयबद्ध रूप से जमा कराने के लिए बूथ पदाधिकारी तत्परता से काम करें।
उन्होंने कहा, मतदाता पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आत्मा है। बूथ कमेटियां सहयोगी की भूमिका में रहते हुए घर-घर जाकर संपर्क करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। हर घर में जाकर फॉर्म सही तरीके से भरवाना और बीएलओ के पास जमा कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए महानगर तथा जिले के पदाधिकारी लगातार बूथ व शक्ति केन्द्र के पदाधिकारियों से सम्पर्क व संवाद करते रहें।
प्रभारी मंत्री ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करें ताकि जिले में मतदाता पुनरीक्षण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित