पटना , अप्रैल 28 -- लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में सोमवार को मुंगेर, लखीसराय एवं जमुई प्रमंडलों में संचालित 'हर घर नल का जल' योजना की प्रगति एवं संचालन की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सचिव श्री पाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। मुंगेर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को विशेष रूप से निर्देश दिये गये कि कार्यों में तेजी लाते हुए लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें। साथ ही केंद्रीकृत शिकायत निवारण केंद्र पर लंबित शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सचिव ने निर्देश दिये कि जिन योजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है, उसे अविलंब दूर कर कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया जाए, जिससे आमजन को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित