भोपाल , मार्च 04 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में प्रदेशवासियों को उत्साह, उमंग और समरसता के पावन पर्व होली की बधाई और मंगलकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह उत्सव हर आंगन में सुख, शांति और समृद्धि के नए रंग बिखेरे और समाज में सद्भाव, सकारात्मकता तथा एकता का रंग सदा प्रखर रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने सभी से आत्मीयता और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने निवास पहुंचे नागरिकों, संतों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। उन्होंने संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया, वरिष्ठ नागरिकों का अभिवादन किया तथा आगंतुकों पर पुष्प वर्षा कर मेजबान के रूप में सबका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री को राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद विष्णु दत्त शर्मा, विधायक रमेश्वर शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, मनु श्रीवास्तव, शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव, परिवहन सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह तथा खाटू श्याम मंदिर भोपाल के प्रमुख प्रचारक पूज्य अनिल आनंद महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में उड़ते गुलाल और पुष्प वर्षा के बीच ब्रज और बरसाने के होली गीतों, पारंपरिक संगीत तथा मयूर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण उल्लास और उमंग से सराबोर हो गया। कलाकारों ने रंग बरसे, होली के दिन दिल खिल जाते हैं, होली खेलें रघुवीरा और आज ब्रज में होली रे रसिया जैसे गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का उत्साह बढ़ाया। समारोह में अतिथियों को गुजिया, बालूशाही, ठंडाई सहित पारंपरिक व्यंजन परोसे गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित