भरतपुर , जनवरी 02 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के नादनपुर थाना क्षेत्र में ताजपुरा गांव में जन्मोत्सव समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक 10 वर्षीय बच्ची और 35 वर्षीय महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि संग्राम गुर्जर के घर पर उनकी बहन बृजेश के सात वर्ष के बेटे का जन्मोत्सव मनाया जा रहा था। इसी के साथ पड़ोसी पानसिंह गुर्जर के आठ वर्षीय पुत्र का भी जन्मोत्सव कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में महिलाएं नृत्य कर रही थीं, तभी किसी अज्ञात युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली लगने से 10 वर्षीय भूरो पुत्री उदयभान के कंधे में और 35 वर्षीय रामवती पत्नी भगवान दास के पैर में चोट आई। भूरो गंभीर रूप से घायल हुई हैं। बृजेश और घायल रामवती सगी बहनें हैं, जो अपने मायके ताजपुरा आई हुई थीं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नादनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करके मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित