नागपुर , जनवरी 29 -- हर्ष दुबे (छह विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत विदर्भ ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के पहले दिन उत्तर प्रदेश को 237 रनों के स्कोर पर रोकने के बाद स्टंप्स तक बिना कोई विकेट खोए 33 रन बना लिये।
आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 109 के स्काेर तक अपने छह विकेट गंवा दिये थे। माधव कौशिक (चार), अभिषेक गोस्वामी (14), कप्तान आर्यन जुयाल (12), आदित्य शर्मा (18), सिद्धार्थ यादव (19) और शिवम शर्मा एक रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय ध्रुव जुरेल और शिवम मावी की जोड़ी ने पारी को संभाला और सातवें विकेट के लिए 92 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर ले गये।
59वें ओवर में यश कदम ने शिवम मावी 57 गेंदों में (47) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। 63वें ओवर में हर्ष दुबे ने शतक की ओर बढ़ रहे ध्रुव जुरेल को आउटकर उत्तर प्रदेश को बड़ा झटका दिया। ध्रुव जुरेल ने 122 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 96 रनों की पारी खेली। इसके बाद उत्तर प्रदेश की पारी 68.5 ओवरो में 237 के स्कोर पर सिमट गई। कार्तिक यादव 17 रन बनाकर नाबाद रहे।
विदर्भ के लिए हर्ष दुबे ने छह विकेट लिये। प्रफुल हिंगे, नचिकेत भूटे,पार्थ रेखड़े और यश कदम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ ने दिन का खेल समाप्त होने के समय बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिये है। अमन मोखाड़े (नाबाद 19) और सत्यम भोयर (नाबाद 13) क्रीज पर मौजूद हैं।
महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश को 187 पर समेटामहाराष्ट्र ने राजवर्धन हंगारगेकर (पांच विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश को 187 पर समेटने के बाद दिन का खेल समाप्त होने के समय दो विकेट पर 52 रन बना लिये है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित