चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए गुरुवार को बताया कि किरण चौधरी और रामचंद्र जांगरा का कार्यकाल इस वर्ष नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
उनके कार्यकाल की समाप्ति के कारण रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए यह चुनाव कराया जाएगा अधिसूचना के अनुसार, दोनों सीटों के लिए नामांकन पत्र पांच मार्च तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच छह मार्च को की जाएगी।
उम्मीदवार नौ मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 16 मार्च को पूर्वाह्न नौ बजे से शाम चार बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय, सेक्टर-1 चंडीगढ़ स्थित कमेटी रूम में कराया जाएगा।
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि नामांकन पत्र कार्यदिवसों में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच सहायक रिटर्निंग ऑफिसर गौरव गोयल के समक्ष जमा किए जा सकते हैं।
चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। निर्वाचन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप लागू रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित