चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार जिस गति से किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कर रही है, उससे देश 2047 से पहले ही विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। करनाल में आयोजित तीन दिवसीय भारत अंतरराष्ट्रीय बागवानी प्रदर्शनी और चावलएवं अनाज प्रदर्शनी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों और संस्थानों द्वारा लगाये गये स्टॉल किसानों को नवीनतम तकनीकों और आधुनिक कृषि मशीनरी से परिचित करा रहे हैं। उन्होंने स्टालों का दौरा कर तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां किसानों और उद्यमियों के लिए मील का पत्थर साबित होती हैं। इनके माध्यम से नयी तकनीक नवाचार और विचारों के आदान-प्रदान के लिए साझा मंच मिलता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां न केवल किसानों को नयी दिशा देती हैं, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित