चंडीगढ़/शिमला , मार्च 13 -- हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को शिमला भेज दिया है। पार्टी के विधायक शिमला शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर कुफरी के पास गलू स्थित होटल ट्विन टावर में ठहराए गए हैं। यहां उनके लिए पहले से कमरे बुक कराए गए थे। इसके अलावा कुफरी स्थित होटल रेडिसन में भी कुछ कमरे आरक्षित किए गए हैं, जहां कांग्रेस के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को ठहराया गया है।
होटलों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हिमाचल प्रदेश पुलिस का पहरा लगाया गया है। कांग्रेस विधायक तीन टेम्पो ट्रैवलर में सवार होकर शिमला पहुंचे। हरियाणा सीमा से ही हिमाचल पुलिस ने उन्हें एस्कॉर्ट कर होटल तक पहुंचाया।
हालांकि इस दल के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा नहीं गए। उनके अलावा बादली के विधायक कुलदीप वत्स, जुलाना से विधायक विनेश फोगाट, पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और टोहाना के विधायक परमवीर सिंह भी शिमला नहीं गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित