चंडीगढ़ , मार्च 17 -- हरियाणा कांग्रेस में पार्टी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को समर्थन देने के बजाय पांच विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने से संगठन में खुलकर कलह सामने आया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान इन पांचों विधायकों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित विधायकों के नाम पार्टी आलाकमान को भेज दिए गए हैं और उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है।
इस बीच, कांग्रेस को एक और झटका देते हुए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनकी पत्नी शैली चौधरी नारायणगढ़ से विधायक हैं और राज्यसभा चुनाव के दौरान उनकी मौजूदगी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के करीबी माने जाने वाले राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के साथ देखी गई थी, जिससे राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
सूत्रों का कहना है कि शैली चौधरी भी इस्तीफा दे सकती हैं। यदि ऐसा होता है तो राज्य में उपचुनाव की स्थिति बन सकती है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि पूरे घटनाक्रम की पटकथा पहले से तैयार थी।
गौरतलब है कि रामकिशन गुर्जर और शैली चौधरी को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा का करीबी माना जाता है। नारायणगढ़ सीट मुख्यमंत्री नायब सैनी का गृह क्षेत्र रही है, जहां से उन्होंने 2014 में चुनाव जीतकर रामकिशन गुर्जर को हराया था।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में मतदान किया। इनमें से चार विधायक हिमाचल प्रदेश में पार्टी की बाड़ाबंदी में भी शामिल रहे, बावजूद इसके उन्होंने क्रॉस वोटिंग की, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल, हरियाणा कांग्रेस में जारी इस राजनीतिक उथल-पुथल ने आगामी दिनों में और बड़े बदलावों के संकेत दे दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित