चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- हरियाणा में स्व-गणना प्रक्रिया जारी है, जिसमें नागरिक 30 अप्रैल तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं भर सकते हैं। सरकार की इस डिजिटल पहल के तहत लोग घर बैठे मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर से पंजीकरण कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य में एक मई से 30 मई तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान गणनाकर्मी ऑनलाइन दी गई जानकारी का मिलान करेंगे।
स्व-गणना प्रक्रिया में नागरिकों को मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन कर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा। इसके बाद परिवार, आवास और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भरने पर एक यूनिक आईडी जारी होगी।
प्रपत्र में करीब 33 प्रश्न शामिल हैं, जिनमें पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वच्छता और डिजिटल सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली जाएगी। सरकार ने आश्वस्त किया है कि सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के लिए होगा।
प्रवक्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा तक स्व-गणना में भाग लेकर सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित