चंडीगढ़ , मई 03 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बढ़ते बिजली संकट पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से कई सवाल उठाए हैं।

श्रीमती शैलजा ने रविवार को कहा कि गर्मी शुरू होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में लंबे बिजली कट लग रहे हैं, जिससे आम जनता, किसान और उद्योग सभी परेशान हैं, जबकि सरकार ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया था। उन्होंने कहा कि जब ट्रांसफार्मरों के ओवरलोड और जर्जर बिजली लाइनों की जानकारी पहले से सरकार के पास थी, तो समय रहते सुधार क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी प्यास लगने पर कुआं खोदते हैं, लेकिन जनता की परेशानी का उन्हें अहसास नहीं होता। ऐसे लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

सांसद ने कहा कि क्या सरकार के पास आने वाले महीनों में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने की कोई ठोस योजना है, या प्रदेश को और बड़े संकट की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 6 से 10 घंटे और शहरी क्षेत्रों में भी कई घंटे अघोषित कट लग रहे हैं। इससे किसानों की सिंचाई और छोटे उद्योगों के संचालन पर गंभीर असर पड़ रहा है।

श्रीमती सैलजा ने मांग की कि बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं, खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं और जर्जर लाइनों की मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, जमीन पर सुधार जरूरी हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में उत्तरी और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम मिलाकर 82 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। निगम के पास पूरा डेटा है कि कहां कितना लोड है और कहां तारें बदलनी हैं, लेकिन गर्मी शुरू होने पर ही तैयारी शुरू की जाती है। मेंटेनेंस के नाम पर 5-6 घंटे बिजली बंद रखी जा रही है। सैलजा ने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है, अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित