चंडीगढ़ , जनवरी 13 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग, चोरी, बैंक डकैती, लूट और गुंडागर्दी की घटनाएं यह साबित करती हैं कि राज्य सरकार आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह असफल रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक भय के साए में जीवन जीने को मजबूर है। हाल में हिसार में बैंक में हुई बड़ी सेंधमारी सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आ रही आपराधिक घटनाएं सरकार के कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खोलती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल कागजी योजनाओं और प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन अपराध पर नियंत्रण पाने में नाकाम साबित हो रहा है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने फरीदाबाद में हाल ही में हुई हिंसक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार के तथाकथित नशा-मुक्त हरियाणा अभियान की सच्चाई को उजागर करती है। नशा बेचने से रोकने पर खुलेआम पथराव, दो गुटों में हिंसा और एक युवती सहित दस नागरिकों का घायल होना यह दर्शाता है कि नशा माफिया को कानून का कोई डर नहीं है। यह स्थिति न केवल कानून-व्यवस्था की विफलता है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का भी गंभीर उदाहरण है।

सांसद सैलजा ने कहा कि आज हालत यह है कि सिरसा जैसे शांत और सौहार्दपूर्ण क्षेत्रों में भी अपराध और अव्यवस्था की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में फरीदाबाद सहित प्रदेश के कई इलाकों में कानून को हाथ में लेने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे यह साफ होता है कि शासन-प्रशासन का नियंत्रण कमजोर पड़ चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित