चंडीगढ़ , मार्च 27 -- अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। एलपीजी के बाद पेट्रोल और डीजल की किल्लत की आशंका से लोगों में घबराहट का माहौल बना हुआ है। हिसार, भिवानी, बल्लभगढ़ और जींद समेत कई जिलों के पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

लोग जल्दबाजी में अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। हिसार में हालात इतने बिगड़ गए कि गुरुवार रात करीब 10 बजे अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया। कैमरी रोड स्थित पेट्रोल पंप और अग्रोहा के दो पंपों पर तेल पूरी तरह खत्म होने से लोगों को बिना ईंधन लिए ही लौटना पड़ा।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। डीजल खत्म होने के कारण लोग शहरों के पंपों का रुख कर रहे हैं। उधर, यमुनानगर में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों ने बोतल या ड्रम में तेल देने पर रोक लगा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित