चंडीगढ़ , मार्च 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मध्य एशिया में युद्ध जैसी स्थिति के कारण एलपीजी आपूर्ति में व्यवधान की फैल रही अफवाहों से उत्पन्न हालात की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नौ मार्च को निर्देश जारी कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने और इसके समान वितरण व उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल पूरी तरह सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। इसके अलावा गैस की आपूर्ति भी लगातार जारी है। हालांकि, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी व्यवधान की जानकारी दी गई है।

सरकार ने घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने का आश्वासन दिया है। जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार ने जनता से एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक घबराहट या जमाखोरी से बचने की अपील की है। सरकार ने कहा कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू एवं पर्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित