चंडीगढ़ , मार्च 24 -- हरियाणा सरकार ने किशोरियों के स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए करीब तीप लाख लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन मुफ्त देने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को बताया कि अब तक 3280 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है और अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 14 वर्ष की पात्र लड़कियों की पहचान के लिए सभी जिलों में हेड काउंट सर्वे के निर्देश दिए गए हैं। इस योजना के तहत वही किशोरियां शामिल होंगी, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है लेकिन 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण हैं, साथ ही टाइप 6 और 11 से भी बचाव करती है।
सरकार ने टीकाकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। किशोरियों को खाली पेट टीका न लगाने, टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रखने और हल्के साइड इफेक्ट्स के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित