चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवार ने हिसार के गांव धांसू में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गौशालाओं को 84 लाख 41 हजार रुपये से अधिक की अनुदान राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान धांसू गोशाला में लगभग 17 लाख रुपये की लागत से बने शेड का लोकार्पण भी किया गया।

श्री गंगवार ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार गौवंश संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने गौशालाओं का वार्षिक बजट बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये कर दिया है, जो पहले 40 करोड़ रुपये था।

उन्होंने कहा कि गौधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम आधार है और इससे जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है। गोबर और गौमूत्र से बनने वाले जैविक खाद व कीटनाशक किसानों के लिए लाभकारी हैं, जिससे लागत घटती है और भूमि की उर्वरता बढ़ती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित