चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा में तेज गर्मी के बीच अगले एक दो दिन के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। प्रदेशवासियों को शनिवार को बारिश का अनुमान जताया गया है जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने 14 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ छींटों के साथ बादल छाने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पलवल के वाटर सर्विस डिवीजन में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 14 मार्च से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही दिन के तापमान में भी कुछ गिरावट आ सकती है, जिससे मार्च की शुरुआत में महसूस हो रही गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित