चंडीगढ़ , जनवरी 26 -- हरियाणा में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। सोमवार को मुख्य राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' और 'आत्मनिर्भर भारत' रखी गई।
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा तीन लाख 53 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ देश के बड़े राज्यों में हरियाणा का प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में सरकार ने अपने 217 संकल्पों में से 54 संकल्प पूरे कर लिए हैं। इस दौरान हांसी को नया जिला बनाया गया और 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे को सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और जयपुर के लिए सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं। इसके अलावा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों के चलते प्रदेश में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित की जा रही हैं।
वहीं, कुछ जिलों में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं। पंचकूला में राज्यपाल असीम घोष के ध्वजारोहण के समय तिरंगा डोर में उलझ गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी करीब 50 सेकेंड तक रस्सी को हिलाता रहा, जिसके बाद डोर निकलने पर ध्वजारोहण किया जा सका।
टोहाना में विधायक रणधीर पनिहार ने करीब एक मिनट की देरी से तिरंगा फहराया। कुरुक्षेत्र में थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा समारोह में शामिल हुए। वहीं हाल ही में बने प्रदेश के 23वें जिले हांसी में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित