चंडीगढ़ , अप्रैल 19 -- दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश चुनाव समिति की रविवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें नगर निकाय चुनावों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गयी। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, कृष्ण पाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में छह जिलों के सात निकायों- रेवाड़ी, धारूहेड़ा, उकलाना, सांपला, सोनीपत, अंबाला और पंचकूला- में होने वाले चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गयी। चुनाव प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर विस्तृत मंथन हुआ। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन में जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
नेताओं ने बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने पर जोर दिया। यह भी तय किया गया कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
श्री सैनी ने पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों के आधार पर निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन का भरोसा जताया जबकि श्री बडौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसमर्थन से भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित