चंडीगढ़ , जनवरी 13 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को कहा कि बागवानी, मधुमक्खी पालन और संरक्षित खेती में हरियाणा देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। राज्य सरकार प्रदेश को कृषि नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कृषि मंत्री बागवानी विभाग से संबंधित बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने गत वर्ष बागवानी विभाग को आवंटित बजट के उपयोग की समीक्षा की और किसान हित में नई योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसी उद्देश्य से बागवानी व सहायक कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
श्री राणा ने बताया कि हरियाणा मधुमक्खी पालन नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। इस नीति के सफल क्रियान्वयन से शहद उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मधुमक्खी पालन को वैज्ञानिक और व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए रामनगर में एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र की स्थापना की गई है। यहां मधुमक्खी बक्सों की खरीद पर 85 प्रतिशत तक अनुदान तथा शहद प्रसंस्करण, बोतलिंग और गुणवत्ता जांच पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के प्रसार के लिए उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना में भी हरियाणा अग्रणी है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 9 उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं और तीन नए केंद्रों पर कार्य प्रगति पर है। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता की पौध सामग्री और नई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित