चंडीगढ़ , जनवरी 15 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा सरकार के बजट 2026-27 में किसान ही मुख्य केंद्र बिंदु बने रहेंगे और कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

श्री सैनी ने यह बात चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित पूर्व-बजट परामर्श बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में कृषि वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नीतियां बना रही है। कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और असली भारत गांवों में बसता है। हरियाणा की पहचान मेहनती किसानों और मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है, इसलिए आगामी बजट में कृषि क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती की कठिनाइयों को भली-भांति समझते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले साल नौ जनवरी को हुए पूर्व-बजट परामर्श में किसानों और विशेषज्ञों से 161 सुझाव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 99 प्रमुख सुझावों को बजट 2025-26 में शामिल किया गया। इन सुझावों के आधार पर नकली बीजों पर रोक के लिए कड़े कानून, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण, मंडियों का आधुनिकीकरण और बीज परीक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना जैसे कदम उठाए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित