चंडीगढ़ , मई 03 -- हरियाणा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने दावा किया है कि नगर निकाय चुनाव में प्रदेशभर में भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल है।

श्री बड़ौली ने रविवार को अंबाला सिटी में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाताओं का रुझान पूरी तरह भाजपा के साथ है और अंबाला सहित पूरे हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।

श्री बड़ौली ने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के सात स्थानों पर चुनाव हो रहे हैं और सभी जगह भाजपा के पार्षद और चेयरमैन बड़े बहुमत से जीतेंगे, जिससे प्रदेश में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने अंबाला के छह वार्डों के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में स्पष्ट है। सभी वार्डों के प्रत्याशियों और मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी के समर्थन में लोग 10 मई को कमल के फूल पर बटन दबाएंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सामुदायिक केंद्र , सड़क, गली, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है। ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर इन सेवाओं को और बेहतर तरीके से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित