चंडीगढ़ , अप्रैल 11 -- पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।

श्री गोयल ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को पूरा समर्थन दे रही है और व्यापार उद्यमशीलता के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील नीतियों और नवाचार पर जोर के कारण हरियाणा एक उभरते इनोवेशन हब के रूप में सामने आया है, जो स्टार्टअप और उद्योगों को आकर्षित कररहा है।

उद्योग आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा आईटी और आईटीईएस के क्षेत्र में एक अग्रणी वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में मजबूत औद्योगिक और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स के उभरने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्टार्टअप और अनुसंधान के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और सरकार स्कूली स्तर से ही उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें।

डॉ. अग्रवाल ने जानकारी दी कि बरवाला में 550 एकड़ में नयी औद्योगिक एस्टेट विकसित की जा रही है। उन्होंने निवेशकों से इस परियोजना में भागीदारी कर राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित