पुणे , दिसंबर 18 -- इशान किशन (101) की विस्फोटक शतकीय और कुमार कुशाग्र (81) की अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत झारखंड ने गुरुवार को फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 69 रनों से हराकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। इशान किशन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' तथा अनुकूल राॅय को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज से पुरस्कार से नवाजा गया।

263 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरुआत खबरा रही और उसने 36 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। इसके बाद यशवर्धन दलाल और निशांत सिंधू ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़ कर अपनी टीम में जीत की उम्मीद जगाई। 10वें ओवर में अनुकूल रॉय ने निशांत सिंधु 15 गेंदों में (31) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर में उन्होंने यशवर्धन दलाल 22 गेंदों में (53) को भी अपना शिकार बनाकर हरियाणा के मैच जीतने की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। सामंत जाखड ने 17 गेंदों में 38 रन बनाये। अंशुल काम्बोज (11) और इशांत भारद्वाज (17) रन बना कर आउट हुये। झारखंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे हरियाणा की पूरी टीम 18.3 ओवरों में 193 रनों के स्कोर पर सिमट गई।

झारखंड के लिए सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने तीन-तीन विकेट लिये। अनुकूल राय और विकास सिंह को दो-दो विकेट मिले।

इससे पहले आज यहां हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में विराट सिंह (दो) का विकेट गंवा दिया। उन्हें अंशुल कम्बोज ने आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित