चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य के ओलंपिक चैंपियन तैयार करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा पूरे देश में 139 अतिरिक्त 'खेलो इंडिया' केंद्रों को मंजूरी दी गई है। इसी क्रम में महेंद्रगढ़ जिले में 15 विभिन्न खेल विधाओं के केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

खेल विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, जिले में ताइक्वांडो, वुशु, कराटे, जू-जित्सु, कुराश, रोइंग, कयाकिंग एवं कैनोइंग, सेलिंग, शूटिंग, साइकिलिंग, जिम्नास्टिक, सेपकटकरा, इक्वेस्ट्रियन (घुड़सवारी), स्क्वैश और गोल्फ के केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

केंद्रों की स्थापना के लिए ऐसे संस्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास खेलों के लिए पर्याप्त मैदान, आधुनिक प्रशिक्षण अधोसंरचना और खिलाड़ियों के लिए बोर्डिंग (आवास) की सुविधा उपलब्ध हो। साथ ही खेल विकास और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उत्कृष्ट रिकॉर्ड भी आवश्यक होगा।

योजना का उद्देश्य पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों को रोजगार और कोचिंग के अवसर प्रदान करना भी है। इच्छुक संस्थान या पात्र खिलाड़ी अपने आवेदन नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित