श्रीगंगानगर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में ऊंटों की अवैध तस्करी करके हरियाणा ले जा रहे 14 ऊंट-ऊंटनियों को मुक्त करवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रावतसर में लोगों ने नोहर तिराहा पर एक कैंटर को रोका, जिसमें ऊंटों को बेहद क्रूर तरीके से बांधकर ले जाया जा रहा था। भीड़ ने तस्करों को घेर लिया। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी और तीन तस्करों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ राजस्थान ऊंट (वध निषेध और अस्थाई प्रवासन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपियों में अमजद (30), अरमान (22), और शकील (34) शामिल हैं। सभी हरियाणा के नूंह के हैं।
पुलिस के अनुसार कल सुबह रावतसर के नोहर तिराहा पर कुछ लोगों ने एक कैंटर को रोक लिया। कैंटर में 14 ऊंट भरे हुए थे। उसमें सवार तीन व्यक्ति ऊंटों को हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश के बूचड़खानों में ले जा रहे थे। उन्हें भीड़ ने घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुँचा और भीड़ से तस्करों को बचाकर थाने ले आया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित